आजाद नगर की गली नंबर चार में स्थित दुकानदार राजकुमार मनचंदा के सूने घर के ताले तोड़ चोर 40 हजार रुपये की नकदी सहित लाखों रुपये के सोने व चांदी के गहने चोरी कर ले गए। वारदात के समय राजकुमार मनचंदा निजी अस्पताल में उपचाराधीन अपनी मां के पास गए हुए थे। चोरी की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस और सीन आफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
आजाद नगर की गली नंबर चार निवासी राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी मां काफी दिनों से बीमार चल रही है। उनका उपचार शहर के निजी अस्पताल में चल रहा है। 11 जनवरी से वह उनके पास अस्पताल में ही परिवार के सदस्यों के साथ रह रहे थे।
इस दौरान घर पर ताला लगा हुआ था। रविवार को जब वे वहां से घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घर के दरवाजे का ताला टूटा पड़ा हुआ था। दरवाजा खोलकर जब वे घर के अंदर गए तो उन्होंने देखा कि कमरे में सामान बिखरा पड़ा हुआ था और अलमारी खुली पड़ी थी।
अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ पड़ा था। उसने तुरंत इसकी सूचना शहर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस और सीन आफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची। सीन आफ क्राइम की टीम ने संदिग्ध स्थानों से फिंगर प्रिंट जुटाए। पुलिस ने भी राजकुमार से मामले की जानकारी हासिल की।
जांच करने पर अलमारी के अंदर रखी लगभग 40 हजार रुपये की नकदी, सोने की एक चेन, लोकेट, एक सेट सोने की बालियों का, चांदी के पाजेब और हजारों रुपये का अन्य सामान गायब था। पुलिस ने राजकुमार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई रामफल का कहना है कि चोरों की तलाश की जा रही है।
बिजली कार्यालय के ताले तोड़ कॉपर पेटी व अन्य सामान चुराया
बिजली निगम फर्कपुर क्षेत्र के प्रह्लादपुरी स्थित बिजली कार्यालय के जेई ललित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुबह जब कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कार्यालय का ताला टूटा पड़ा हुआ था। उन्होंने इसकी सूचना उसे दी। वह तुरंत मौके पर पहुंचा, उन्होंने देखा कि कार्यालय के दरवाजे का ताला टूटा पड़ा हुआ था। कार्यालय के अंदर से एक पेटी कॉपर और दो सौ केवीए ट्रांसफार्मर रोल गायब था। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।