कस्बे के बस स्टैंड के सामने स्थित जाटनगर में लगे एसबीआई की एटीएम में अज्ञात युवक ने एक ग्रामीण का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 1,23,500 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात युवक के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी का मामला दर्ज किया है।
गांव अलाहर नविासी सत्यपाल ने रादौर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका एसबीआई बैंक रादौर में बचत खाता है। उसने कुछ दिन पहले खाता खुलवाकर एटीएम कार्ड लिया था।
रादौर में बस स्टैंड के सामने स्थित एसबीआई के एटीएम से वह पैसे निकलवाने गया था लेकिन वह कार्ड का इस्तेमाल नहीं कर पाया। इस दौरान एटीएम कक्ष में मौजूद एक युवक ने हेराफेरी से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया।
जिसके बारे में उसे पता नहीं चला। 11 सितंबर को उसके मोबाइल पर उसके खाते से 80 हजार रुपये की राशि निकलने का संदेश आया। अगले दिन वह इस बारे में बैंक में बात करने को जाने ही वाला था कि 12 सितंबर को फिर से उसके खाते से 43,500 रुपये की राशि निकलने का संदेश आया। उसने मामले की सूचना बैंक के अधिकारियों व रादौर पुलिस को दी।