हरियाणा के यमुनानगर शहर के रामपुरा टी-प्वाइंट पर रिक्शा चालक को टक्कर मारकर दूर तक घसीटने वाले आरोपी कार चालक कल्याण नगर निवासी हरदीप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले रिक्शा को टक्कर मारने के बाद आरोपी कार चालक फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे पकड़ लिया। रामपुरा चौकी इंचार्ज भूप सिंह ने बताया कि कार सेक्टर-17 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की है। उसने पूछताछ में बताया कि उसकी कार होली के दिन हरदीप मांग कर ले गया था, जिसके आधार पर हरदीप को काबू किया गया।
विदित हो कि बिहार निवासी रोहित ने थाना शहर यमुनानगर पुलिस को शिकायत दी थी कि वह शांति कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है। उसके पिता 55 वर्षीय राजकुमार रिक्शा चलाते थे। वे आठ मार्च को रिक्शा लेकर घर से निकले थे। राजकुमार जगाधरी में जड़ौदा गेट पर आइसक्रीम देकर रिक्शे पर लौट रहे थे।
इस दौरान रात 12 बजे फोन आया कि रामपुरा टी-प्वाइंट पर उनके पिता को किसी कार चालक ने टक्कर मार दी है। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर वे अपने पिता को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने एरिया में लगे सीसीटीवी की जांच की तो पता चला कि उसके पिता जब रामपुरा टी-प्वाइंट पर पहुंचे तो पीछे से कार चालक ने उनकी रिक्शा को टक्कर मारी और काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। उसके बाद कार चालक मौके से भाग गया।