यमुनानगर। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार देर शाम डिप्टी सीएमओ डॉ. विजय दहिया के नेतृत्व में साढ़ौरा से पांच हजार रुपये में लड़का होने की शर्तिया दवा देती एक महिला को रंगे हाथ काबू किया है। महिला के पास से देसी दवा की सात पुड़िया व टीम की फर्जी ग्राहक महिला द्वारा दिए गए पांच हजार रुपये भी बरामद किए हैं। साढ़ौरा पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्जकर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
डॉ. विजय दहिया ने बताया कि मूल रूप से नया गांव की रहने वाली महिला इस्लामन साढ़ौरा क्षेत्र में नकटी नदी के पास रह रही थी। कुछ दिन पहले उन्हें इस महिला के खिलाफ शिकायत मिली थी कि यह गर्भ में ही लड़की को लड़के में बदलने की दवा देती है। इसके आधार पर इस महिला को पकड़ने के लिए जाल बिछाकर एक फर्जी गर्भवती महिला को इस्लामन के पास भेजा गया। इस फर्जी गर्भवती महिला के इस्लामन से संपर्क किए जाने पर इस्लामन ने शर्तिया लड़का होने की दवा देने के लिए छह हजार रुपये की मांग की। फर्जी गर्भवती महिला द्वारा इस्लामन से इस बारे फोन पर कई बार हुई बातचीत को भी रिकार्ड किया गया।
इसके बाद शुक्रवार देर शाम को जाल बिछाकर गर्भवती महिला को पांच सौ के 10 नोट हस्ताक्षर करके इस्लामन को देने के लिए दिए गए। इस्लामन से संपर्क किए जाने पर उसने गर्भवती महिला को श्मशान घाट के पास बुलाया। वहां इस्लामन ने गर्भवती महिला से पांच हजार रुपये लेने के बाद उसे दवा की सात पुड़िया दे दी। इसी बीच इशारा पाकर टीम ने इस्लामन को काबू कर लिया। उसके पास से टीम द्वारा हस्ताक्षरित पांच हजार रुपये भी बरामद कर लिए गए। इस टीम में सीडीपीओ प्रवीण छाबड़ा व डॉ. अनुराधा भी शामिल थी।
वर्जन :::::::
डॉ. विजय दहिया की शिकायत पर आरोपी महिला इस्लामन के खिलाफ पीएनडीटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। शनिवार को आरोपी महिला को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
निर्मल सिंह, एसएचओ, थाना साढ़ौरा।