हरियाणा के यमुनानगर में युवक जानलेवा हमला हुआ है। गांव मुसिंबल-एम निवासी कमलजीत पर गांव के ही एक युवक ने उस्तरे से हमला कर दिया। उस्तरे से कमलजीत के गले व सीने पर गहरे वार किए गए। गनीमत यह रही कि युवक की जान बच गई। फिलहाल युवक का उपचार ट्रामा सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी सेठी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खाना खाकर घर से निकला था सैर करने
थाना छप्पर पुलिस को दी शिकायत में कमलजीत ने बताया कि गांव में ही रहने वाले सेठी के साथ उसकी बहुत समय पहले किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। तब मामला सुलझ गया था, लेकिन आरोपी उससे रंजिश रखने लगा। चार जुलाई की रात वह खाना खाकर गली में घूमने के लिए चला गया था। तभी सेठी रास्ते में उसे मिल गया। सेठी बेवजह उसके साथ बहस करने लगा और उसके साथ मारपीट कर दी।
जेब से उस्तरा निकाल कर दिया हमला
इससे पहले की वह कुछ समझ पाता सेठी ने उसके गले, चेहरे, छाती व पीठ पर उस्तरे से वार कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। परिजनों ने उसे उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। हमले की शिकायत पुलिस को दी। मामले की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर बलदेव राज का कहना है कि कार्रवाई करते हुए सेठी पर केस दर्ज कर लिया। मामले की जांच जारी है।