सहारनपुर पुलिस ने जीपीओ तिराहे के पास चेकिंग के दौरान वाहन चोरी के अंतरराज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की नौ बाइक एवं दो बाइक के पुर्जे बरामद किए हैं। आरोपी यमुनानगर से बाइक चोरी कर यूपी चले जाते थे और उनके पुर्जे बेचते थे। शुक्रवार को सदर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज कुमार एवं उप निरीक्षक असगर अली के नेतृत्व में जीपीओ तिराहे पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। सहारनपुर सिटी एसपी विनीत भटनागर ने बताया कि तीन बाइक पर आ रहे पांच लोगों को पुलिस ने रोका। चेकिंग में तीनों बाइक चोरी की पाई गईं। जिस पर पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ की तो उन्होंने चोरी की अन्य बाइकों के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर रेलवे आवास के एक खंडहर से छह अन्य बाइक, एक स्कूटर एवं दो बाइक के पुर्जें बरामद किए। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
बाइक चोरी करते ही दूसरे राज्य में करते थे प्रवेश
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवबंद के गंगदासपुर निवासी अक्षय, गागलहेडी के घड़कौली निवासी आकाश, कैराना शामली निवासी गौरव, तलहेडी देवबंद निवासी अंकित, देवबंद के इस्माइलपुर निवासी राकेश कुमार उर्फ मिस्त्री के रूप में हुई। एसपी भटनागर ने बताया कि आरोपी अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य हैं। जो हरियाणा, उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश से वाहन चोरी करने का काम करते हैं। बाइक चोरी करते ही आरोपी राज्य सीमा क्रास कर दूसरे राज्य में प्रवेश कर लेे थे। आरोपियों के पास से बरामद हुईं बाइक यमुनानगर, बिहारीगढ़, गागलहेड़ी, जनकपुरी, सदर कोतवाली से चोरी की गईं हैं।
20 हजार में बेच देते थे 50 हजार की बाइक
इनमें आकाश, अक्षय एवं गौरव वाहनों को अलग-अलग राज्यों से चोरी करते हैं, जबकि अंकित एवं राकेश वाहनों को बेचने का काम करते हैं। जो बाइक नहीं बिकती थी, राकेश मिस्त्री उसके पुर्जे-पुर्जे करके बेच देते थे। आरोपी नई बाइक को भी दस से 20 हजार रुपये में बेच देते थे। राकेश मिस्त्री बाइक के पुर्जे दुकान पर सर्विस के लिए होने आती अन्य बाइकों में डाल देता था और कुछ बेच देता था।
आरोपियों पर पहले भी कई मामले दर्ज
सहारनपुर पुलिस के मुताबिक अक्षय, अंकित पर यमुनानगर में, आकाश पर गागलहेड़ी, बिहारीगढ़, यमुनानगर, गौरव पर जनकपुरी, यमुनानगर, राकेश उर्फ मिस्त्री पर बिहारीगढ़, यमुना नगर में पहले से ही मामले दर्ज हैं। जो कोर्ट में विचाराधीन है। पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।