अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। सहारनपुर में प्याज बेचकर राजस्थान लौट रहे ट्रक चालक को लूटने वाले तीनों बदमाशों को तीसरे दिन भी पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई। हालांकि पुलिस ने क्षेत्र में कई स्थानों पर उनकी तलाश के लिए दबिश दी। लेकिन पुलिस के हाथ कोई साक्ष्य हाथ नहीं लग पाया। पुलिस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है। थाना सदर एसएचओ सुखबीर सिंह ने बताया कि मामले को ट्रेस करने के लिए पुलिस जांच कर रही है। सीआईए पुलिस की भी इस मामले में मदद ली जा रही है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये है मामला :
सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाइवे पर गांव औरंगाबाद के नजदीक बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने ट्रक की शीशा तोड़कर चालक से एक लाख 85 हजार रुपये लूट लिए थे। राजस्थान के जिला सीकर के गांव गडोड़ा निवासी हीरा लाल ने शिकायत में बताया था कि वह ट्रक चालक है। वह सीकर से ट्रक में प्याज भरकर बेचने के लिए सहारनपुर मंडी के लिए निकला था। 14 अप्रैल को सहारनपुर मंडी में प्याज बेचकर एक लाख 85 हजार रुपये की नगदी प्राप्त की। प्याज बेचकर देर शाम वह वापस राजस्थान जा रहा था। सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाइवे पर वह गांव औरंगाबाद के नजदीक किसी काम के लिए रुका था। तभी बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए। एक युवक ने चालक साइड से ट्रक का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद तीनों युवकों ने मिलकर उसके पास से एक लाख 85 हजार रुपये की नगदी लूट ली। पुलिस ने मामले में अज्ञात युवकों पर केस दर्ज किया हुआ है।