रादौर। गांव गुमथला में लड़ाई झगड़े होने व अन्य वारदात होने के बाद सूचना मिलने के बावजूद जठलाना पुलिस के मौके पर न पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। मामले को लेकर गांव के लोगों की एक पंचायत सरपंच कृष्ण मेहता के नेतृत्व में हुई। जिसमें मामले को लेकर जठलाना पुलिस के प्रति ग्रामीणों ने भारी रोष प्रकट किया। कृष्ण मेहता ने बताया कि उनका गांव रादौर क्षेत्र के सबसे बड़े गांव में से एक है। गांव में आए दिन लोगों के बीच झगड़े होते रहते हैं। जिसको लेकर जब भी जठलाना पुलिस को गांव में झगड़ा होने की सूचना दी जाती है, तो पुलिस मौके पर नहीं आती। बल्कि शिकायत लेकर उन्हें थाने आने को कहा जाता है। सरपंच ने बताया कि गांव के लोग मामले को लेकर सोमवार को एसपी से मिलकर जठलाना थाने में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करेंगे। वहीं डीएसपी रादौर कुशपाल राणा ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। यदि पुलिस के पास गांव में झगड़ा होने की शिकायत की गई हो तो पुलिस को मौके पर जाना चाहिए। मामले को लेकर वह जठलाना थाना प्रभारी से बात करेंगे और इस बारे सख्त कार्रवाई करने के आदेश देंगे।