तेज रफ्तार व लापरवाही फिर भारी, तीन हादसों में तीन की गई जान दो हादसे स्टेट हाइवे, एक हादसा खेड़ी लक्खा सिंह मार्ग पर हुआ
यमुनानगर। सड़कों पर तेज रफ्तार व लापरवाही का कहर जारी है। तेज रफ्तार व लापरवाही के चलते अलग अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाइवे पर दामला के पास हुआ। जहां ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। दूसरा हादसा कांजनू के पास हुआ। जहां अज्ञात वाहन ने पैदल चल रहे बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया। इससे उसकी मौत हो गई। तीसरा हादसा खेड़ी लक्खा सिंह के पास हुआ। यहां गन्ने से भरी ट्रॉली की साइड लगने से बाइक सवार सड़क पर गिर गया। हादसे में व्यक्ति की आंख में गन्ना घुस गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी वाहन चालकों पर केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहला हादसा
ट्रक ने साइकिल सवार को कुचला :
गांव दामला के नजदीक ट्रक की टक्कर लगने से साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। बिहार निवासी बसीर अंसारी ने बताया कि उसका दोस्त बिहार निवासी 30 वर्षीय सुल्तान अंसारी फैक्टरी में काम करता था। देर शाम वह फैक्टरी से काम खत्म करके साइकिल पर अपने क्वार्टर दामला में जा रहा था। रास्ते में जब वह सड़क पार करने लगा तो तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
दूसरा हादसा
गन्ने से भरी ट्राली में टकराया बाइक सवार, मौत :
गांव मसाना जट्टान निवासी 45 वर्षीय सतपाल अपनी बाइक पर सवार होकर दवाई लेेने के लिए खेड़ी लक्खा सिंह जा रहा था। जैसे ही वह गांव के नजदीक पहुंचा तो पीछे से आ रही गन्ने से भरी ट्रॉली ने उसे साइड से टक्कर मार दी। जिस कारण ट्रॉली की साइड लगने से ट्राली में से एक गन्ना उसकी आंख में जा घुसा और वह सड़क पर गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
तीसरा हादसा :
अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत :
गांव काजीबांस निवासी बलिंद्र सिंह ने बताया कि प्राइवेट नौकरी करता है। उसके पिता चार भाई है। उसका ताऊ मामचंद (82) 29 मार्च को अपनी रिश्तेदारी में गांव खुर्दी मिलने के लिए आए हुए थे। रात करीब सवा आठ बजे सिविल अस्पताल रादौर से फोन पर उन्हें सूचना प्राप्त हुई कि मामचंद को गांव कांजनू के स्कूल के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के समय वे पैदल चल रहे थे। सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टर उपलब्ध न होने पर उसे ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। वे अपने ताऊ मामचंद को ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। देर रात पीजीआई में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।