यमुनानगर। शहर के शहीद भगत सिंह चौक के नजदीक वर्कशॉप रोड स्थित विजय बैंक के एटीएम का लॉक तोड़ दिया। चोर ने एटीएम का सेफ तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी एटीएम से नगदी चुराने में सफल नहीं हो गए। शहर पुलिस ने बैंक मैनेजर की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी के प्रयास के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी में एक व्यक्ति एटीएम से छेड़छाड़ करता हुआ कैद हुआ है।
विजय बैंक के ब्रांच मैनेजर बीर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है कि शहीद भगत सिंह चौक के पास वर्कशॉप रोड पर बैंक के साथ एटीएम लगा हुआ है। ऑपरेटर सुबह एटीएम रूम को खोलता है और रात को बंद करता है। 24 फरवरी को वह सुबह एटीएम रूम खोलकर चला गया था। रात करीब साढ़े नौ बजे वह बंद करने आया तो देखा कि एटीएम मशीन का लॉक टूटा हुआ था। कैश का सेफ तोड़ने का प्रयास किया। ऑपरेटर ने इसकी सूचना उन्हें दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच की तो एटीएम में पैसे सुरक्षित मिले। जबकि मशीन का लॉक टूटा हुआ था। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी चेक किए तो शाम साढ़े छह बजे एक व्यक्ति एटीएम में आता हुआ दिखाई दिया। आरोपी एटीएम का लॉक तोड़ता है। इसके बाद कुछ देर तक मशीन को तोड़ने का प्रयास करता है। लेकिन वह सेफ तोड़ने में सफल नहीं होता। इसके बाद वह वहां से चला जाता है। पुलिस ने मामले में बैंक मैनेजर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी विनोद कुमार का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घर के ताले तोड़ चोरों ने 20 हजार की नकदी व सोने के गहने किए चोरी
जगाधरी। तेजली के नजदीक स्थित माया नगरी कॉलोनी से चोरों ने सूने घर के ताले तोड़कर 20 हजार रुपये की नगदी व हजारों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। माया नगरी कॉलोनी निवासी गुरदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 24 फरवरी को किसी काम घर से बाहर गया था। इस दौरान घर का ताला लगा था। सुबह जब वे घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घर का लगा ताला टूटा पड़ा था। जब वे घर के अंदर गए तो अलमारी का लॉकर टूटा हुआ पड़ा था। कमरे में सामान इधर-उधर बिखरा हुआ पड़ा था। जब उन्होंने सामान की जांच की अलमारी के अंदर रखी 20 हजार रुपये की नकदी व सोने चांदी के गहने गायब थे। चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 50 हजार रुपये है। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की। मामले की जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जम्मू कॉलोनी निवासी सुखदेवी ने बताया कि मंगलवार को वह सत्संग में सहारनपुर के पिलखनी में गई हुई थी। वहां जाने से पहले वह घर को लॉक लगाकर गई थी। देर शाम जब वह घर लौटी तो उसने देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर गई तो कमरे में सामान बिखरा पड़ा हुआ था। ट्रंक खुले पड़े हुए थे। दीवान बैड भी खुला हुआ था। जांच की तो ट्रक के अंदर से हजारों रुपये की नकदी व गहने गायब थे। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
गांव सबलपुर निवासी रजवंत सिंह ने बताया कि वह कैंटर चलाने का काम करता है। उसने 24 फरवरी की रात को काम से लौटने के बाद कैंटर को गांव के नजदीक खड़ा कर दिया था। सुबह वहां से कैंटर गायब मिला। उसने कैंटर चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, सुथरन गली जगाधरी निवासी गौरव भल्ला ने बताया कि चोरों ने उसकी बाइक को उपवन पैलेस के बाहर से चोरी कर ली। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।