सड़क किनारे धंसे बर्म में गिरने से ट्रैक्टर पलटा
बिलासपुर। हड़तौल मार्ग पर सड़क के दोनों ओर बर्म धंसने से गांव हडतौल के एक किसान का ट्रैक्टर पलट गया। चालक ने ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचाई। गांव हडतौल निवासी संजय कुमार अपने ट्रैक्टर पर सवार होकर बिलासपुर की ओर किसी काम से आ रहा था। पुलिस नाके के समीप सामने से आती हुई कार को साइड देते हुए ट्रैक्टर सड़क के किनारे धंसे हुए बर्म में जा गिरा और पलट गया। इसी दौरान फूर्ति दिखाते हुए चालक ने कूदकर जान बचाई। संजय ने बताया कि ट्रैक्टर काफी क्षतिग्रस्त हो गया है। गांव के संदीप कुमार, राम कुमार, राजबीर सिंह का कहना है कि बिलासपुर से हडतौल तक लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क है, मानसून सीजन में जुलाई माह में अधिक बारिश की वजह से खेतों का पानी सड़क को क्रॉस कर गया था। जिसके कारण सड़क के दोनों ओर के बर्म बह गए थे। दुर्घटना होने के भय को देखते हुए ग्रामीणों ने अनेक बार उच्च अधिकारियों को इस बारे में शिकायत की, लेकिन छह माह बीत जाने के पश्चात भी सड़क के किनारों को ठीक नही करवाया गया है। जिसके कारण वाहनों के बर्म में गिर कर दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने उपमंडल प्रशासन से हडतौल मार्ग के दोनों ओर धंसे हुए बर्म को दुरूस्त करवाने की मांग की है।
फोटो नंबर 28