दो बच्चों के साथ महिला व युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता
यमुनानगर। फर्कपुर क्षेत्र के गांव रटौली से एक महिला अपने दो बच्चों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने एक व्यक्ति पर उन्हें अगवा करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, सदर क्षेत्र के गांव औरंगाबाद से युवती लापता हो गई। गांव रटौली निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 23 जनवरी को काम पर गया था। जब वह वापस लौटा तो उसे घर से पत्नी व दोनों बच्चे गायब मिले। जांच करने पर उसे पता चला कि उसकी पत्नी व बच्चों को अंबाला निवासी सुशील कुमार अगवा करके ले गया है। उधर, औरंगाबाद निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी 23 वर्षीय युवती 23 जनवरी को बिना बताए कहीं चली गई। लेकिन उसके बाद लौट कर नहीं आई। उन्होंने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी।