शुगर मिल से घर लौट रहे ऑपरेटर को ट्रक ने कुचला, मौत
यमुनानगर। सहारनपुर कुरुक्षेत्र स्टेट हाइवे पर रतनगढ़ गांव के पास ट्रक ने सरस्वती शुगर मिल के केन अनलोडर ऑपरेटर को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ऑपरेटर साइकिल पर अपने गांव लौट रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव के परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्जकर लिया है। रादौरी निवासी महाबीर ने बताया कि वे दो भाई व एक बहन है। उसके पिता गुरमेज करीब 25 वर्ष से सरस्वती शुगर मिल यमुनानगर में केन अनलोडर ऑपरेटर के पद पर नौकरी करता था। उसके पिता की मिल में रात्री की ड्यूटी लगी हुई थी। वह ड्यूटी शाम छह बजे से रात दो बजे तक थी। उसके पिता रोजाना ड्यूटी खत्म करके सुबह करीब छह बजे घर पहुंच जाते थे। लेकिन रविवार को उसके पिता गुरमेज जब छह बजे तक घर नहीं पहुंचे तो उसने अपने पिता के मोबाइल पर फोन किया तो उसके पिता का फोन नहीं मिला। फिर परिवार वालों के कहने पर वह पिता को देखने के लिए अपनी बाइक पर सवार होकर शुगर मिल के लिए चल दिया। करीब 6.40 बजे जब वह कुरुक्षेत्र सहारनपुर रोड पर गांव रतनगढ़ के पास पहुंचा तो सड़क के पास काफी लोग खड़े हुए थे। उसने अपनी बाइक रोककर देखा तो सड़क पर खून व मांस बिखरा पड़ा था। एक व्यक्ति को चादर से ढका हुआ था। उसके पास में साइकिल पड़ी थी। जिस पर एक टिफन बंधा हुआ था। जब उसने चादर हटाकर उनके कपड़ों से शिनाख्त की तो यह शव उसके पिता गुरमेज का था। जिसका चेहरा व पेट किसी ट्रक ने बुरी तरह से कुचला हुआ था। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्जकर जांच शुरू कर दी है।