समोसा खाने से बिगड़ी छात्रा की इलाज के दौरान मौत
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। छप्पर थाना क्षेत्र के गांव नगला जागीर में समोसा खाने के बाद 10वीं कक्षा की छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। रविवार को छात्रा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
गांव नगला जागीर निवासी 15 वर्षीय अकांक्षा तलाकौर के राजकीय स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ती थी। शनिवार को वह स्कूल में गई थी। दोपहर को जब घर पहुंची तो अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उससे पूछा तो बताया कि उसने दुकान से खरीद कर समोसा व नमकीन खाई थी। उसे उल्टियां लगने लगी। परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए डाक्टर के पास लेकर गए। हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। रविवार सुबह छात्रा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पाते ही थाना छप्पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। थाना छप्पर के एएसआई सतपाल का कहना है कि डाक्टरों के मुताबिक फूड पॉयजनिंग के कारण छात्रा की तबीयत बिगड़ी थी। मामले की जांच की जा रही है।