सरकारी पॉलिसी का लालच देकर पूछी अकाउंट डिटेल, फिर खाते से ट्रांसफर करवाए एक लाख
छछरौली निवासी राजकुमार से दो लोगों ने की धोखाधड़ी, दोनों आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। सरकारी पॉलिसी के तहत खाते में लाखों रुपये आने की बात कहकर एक व्यक्ति छछरौली निवासी राजकुमार शर्मा से उसके अकाउंट की डिटेल ले ली। इसके बाद आरोपी ने उसके अकाउंट से एक लाख रुपये की नकदी अपने साथी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले है।
राजकुमार ने थाना छछरौली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। आरोपी ने अपना नाम राघवेंद्र सिंह बताया। आरोपी ने उसे फोन पर बताया कि सरकार की एक पॉलिसी आई हुई है। जिससे अकाउंट में लाखों रुपये की नकदी आ रही है। शर्त यह है कि अकाउंट में कम से कम एक लाख रुपये की नकदी होनी चाहिए। इसके लिए कुछ फॉर्मेलिटी पूरी करनी होगी। जिसमें मोबाइल नंबर, एटीएम कार्ड व खाता नंबर देना होगा। वह आरोपी की बातों में आ गया। आरोपी ने उसे बातों में उलझाकर उससे उसका एटीएम कार्ड का पासवर्ड व नंबर ले लिया। इस दौरान आरोपी ने उसके मोबाइल पर आए ओटीपी को भी उससे पूछ लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी न उसके खाते से एक लाख रुपये की नकदी महाराष्ट्र के बुलकेश सदरीद्दीन मंडल के खाते में ट्रांसफर करवा दी। इसका पता उसे बैंक जाकर अकाउंट डिटेल निकलवाने पर चला। इसकी सूचना उसने पुलिस को दी। पुलिस जांच के दौरान पता चला कि दोनों ने धोखाधड़ी करके खाते से रुपये ट्रांसफर किए हैं। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपी युवकों पर धोखाधड़ी का केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर अभय राम ने बताया कि दोनों आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।