कैल कलानौर बाईपास पर एक किलोमीटर अंतराल में दो हादसे, युवक व महिला की मौत, चार घायल
- सहारनपुर से घूमने आए चार दोस्तों की कार डिवाडर से टकराकर पलटी, एक की मौत, तीन घायल
- निर्माणाधीन पुलिस पर काम कर रही दो महिलाओं को कार ने मारी टक्कर, महिला की मौत, दूसरी घायल
- औरंगाबाद के नजदीक हुए दोनों हादसे, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। यूपी के सहारनपुर से यमुनानगर घूमने के लिए आए चार दोस्तों की कार कैल कलानौर बाईपास पर औरंगाबाद के नजदीक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इसी हादसे के करीब एक किलोमीटर दूर औरंगाबाद के नजदीक निर्माणाधीन पुलिया पर काम कर रही दो महिलाओं को इंडिगो कार ने टक्कर मार दी। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा :
सहारनपुर की प्रेम वाटिका कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय हर्षवर्धन अपने दोस्तों गांव सोना निवासी अनमोल, कमल कालोनी निवासी विजय व नमन के साथ यमुनानगर आ रहे थे। कार को अनमोल चला रहा था। जब कार बाईपास पर औरंगाबाद के पास पहुंची, तो अचानक कार डिवाइडर से टकरा गई। जिसकी वजह से कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में हर्षवर्धन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन अन्य साथियों को भी चोटें आई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। साथ ही घायलों का इलाज करवाया गया। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। परिजनों ने कोई भी कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया। जिस पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
दूसरा हादसा
पहले हादसे से करीब एक किलोमीटर दूर औरंगाबाद के पास ही पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है। जहां पर बीच का माजरा गांव की रेनू (30) व सोनिया मजदूरी कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शी गुरदयाल ने बताया कि इस दौरान एक इंडिगो कार तेज गति से आई और सोनिया व रेनू को चपेट में ले लिया। हादसे में रेनू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सोनिया गंभीर रुप से जख्मी हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस ने रेनू के शव का पोस्टमार्टम कराया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर फरार हो गया। मामले में गुरदयाल की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।