यूपी रोडवेज की चपेट में आने से बाइक सवार व्यक्ति की मौत
नेशनल हाइवे 73 पर शुगर मिल के पास हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। नेशनल हाईवे 73 पर शुगर मिल के नजदीक यूपी रोडवेज की बस की चपेट में आने से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक व्यक्ति गांव सिलीखुर्द का रहने वाला था। हादसे के समय व्यक्ति किसी काम से यमुनानगर आया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गांव सागड़ी निवासी दयाराम ने बताया कि उसका दोस्त गांव सिली खुर्द निवासी वेद प्रकाश (50) अपनी बाइक पर किसी काम से यमुनानगर आ रहा था। जब वह शुगर मिल के नजदीक पहुंचा तो पीछे से यूपी रोडवेज की बस तेज गति से आई और उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह बाइक सहित सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। बस चालक ने स्वयं अन्य लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी बस चालक जिला सहारनपुर के गांव उसाद निवासी सुरेश चंद के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।