मंदिर के बाबा ने ही चाकू से हमला करने के बाद सीढ़ियों से धक्का देकर की थी सलिंद्र की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर/खिजराबाद। कलेसर जंगल की ताजेवाला बीट में स्थित काली माता का मंदिर के पास मुजाफ्तकलां निवासी सलिंद्र उर्फ सिंदी की हत्या मंदिर के बाबा हरिराम ने ही की थी। सलिंद्र बाबा को दूसरा पैग पिलाने की जिद कर रहा था, लेकिन बाबा ने पीने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद मंदिर बाबा हरीराम ने मंदिर में रखे चाकू से सलिंद्र पर हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद उसे मंदिर की सीढ़ियों से धक्का दे दिया। सीढ़ियों से गिरने के बाद सलिंद्र अधमरा हो गया। इसके बाद बाबा ने उसके सिर में डंडों से कई वार किए। हत्या करने के बाद बाबा ने सलिंद्र के शव को मंदिर के पीछे नाले में फेंक दिया। यह खुलासा खिजराबाद पुलिस ने हत्यारोपी बाबा हरीराम से पूछताछ के बाद किया। पुलिस ने हत्यारोपी बाबा को सोमवार को कोर्ट में पेश किया। वहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
खिजराबाद एसएचओ बलराज ने बताया कि हत्यारोपी बाबा हरिराम झींवरहेडी (देहरादून) का रहने वाला है। मृतक सलिंद्र अक्सर मंदिर में आता-जाता रहता था। 28 फरवरी को भी सलिंद्र मंदिर में ही था। पूछताछ में बाबा ने बताया कि उस दिन सलिंद्र उससे शराब पीने को लेकर बहस करने लगा। एक पैग पीने के बाद वह फिर से पीने के लिए जिद करने लगा लेकिन बाबा ने नहीं पिया। इस बात को लेकर उनमें झगड़ा हो गया। झगड़े में बाबा ने उस पर चाकू से कई वार किए और उसके बाद उसे सीढ़ियों से नीचे धक्का दे दिया। सीढ़ियों से नीचे गिरने के बाद सलिंद्र अधमरा हो गया। इसके बाद बाबा ने मृतक के सिर पर डंडे से वार किया। हत्या करने के बाद बाबा सलिंद्र के शव को घसीटता हुआ मंदिर के पीछे ले गया और नाले में फेंक दिया।
मंदिर में चढ़ाई जाने वाली पीते थे शराब
बाबा ने पूछताछ में बताया कि काली माता मंदिर में श्रद्धालु चढ़ावे के रूप में शराब चढ़ाते थे। सलिंद्र शराब पीने का आदी था और मंदिर का बाबा भी शराब पीता था। तभी सलिंद्र शराब पीने के लिए मंदिर में आता था। यहां मंदिर में चढ़ाई जाने वाली शराब को बाबा और सलिंद्र मिलकर पीते थे। 28 फरवरी को भी मंदिर में चढ़ाई गई शराब को पीते हुए दोनों में झगड़ा हुआ।
खिजराबाद थाना प्रभारी बलराज का कहना है कि मृतक सलिंद्र की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। शराब का पैग पीने को लेकर बाबा और सलिंद्र में झगड़ा हुआ था। इसके बाद मंदिर के बाबा ने ही सलिंद्र को मौत के घाट उतारा है। आरोपी बाबा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
फोटो : 35 व 37