सड़कों पर यमदूत बनकर दौड़ रहे ट्रक, कुचलने से दो युवकों की गई मौतजान
प्रशासन के कोशिशों के बावजूद नहीं हो रहा हादसों पर नियंत्रण, हर रोज हो रहे हादसे
नेशनल हाईवे 73ए पर भिलपुरा व शहजादपुर पांसरा रोड पर थर्मल प्लांट के नजदीक हुए हादसे
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। प्रशासन की अनेक कोशिशों के बावजूद सड़क हादसों पर नियंत्रण नहीं लग पा रहा है। जिले की सड़कों पर ट्रक, डंपर व ट्राले यमदूत बनकर चल रहे है। अलग-अलग स्थानों पर ट्रेकों ने तीन को कुचल दिया। दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने दो ट्रक चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बॉक्स
दो सगे भाईयों को ट्रक ने कुचला, एक की मौत दूसरा गंभीर :
खिजराबाद के गांव लासाबाद निवासी राहुल (22) व उसका भाई गौरव जगाधरी में फैक्ट्री में नौकरी करते थे। रविवार अलसुबह दोनों भाई बाइक पर सवार होकर फैक्ट्री आ रहे थे। जैसे ही वह जगाधरी पौंटा साहब नेशनल हाईवे 73ए पर भीलपुरा के पास पहुंचे, तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वे सड़क के बीचों-बीच जा गिरे। ट्रक राहुल को कुचलता हुआ सड़क किनारे उतर गया। हादसे में राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रक चालक ट्रक छोड़ कर मौके से फरार हो गया। आस-पास के लोगों ने घायल को छछरौली सिविल अस्पताल में पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे ट्रामा सेंटर ले जाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का जायजा लिया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
थर्मल गेट के सामने डंपर ने बाइक सवार को कुचला :
तेजली गौरव उर्फ मोहित (23) प्लाईवुड की फैक्ट्रियों से लकड़ी के गोले खरीदने का काम करता था। रोजमर्रा की तरह शनिवार रात को वह थर्मल पावर प्लांट की ओर किसी फैक्ट्री में काम के लिए गया था। काम खत्म कर वह बाइक पर वापस घर लौट रहा था। पांसरा शहजादपुर रोड पर जैसे ही वह दीनबंधु चौधरी छोटूराम थर्मल पावर प्लांट के गेट के पास पहुंचा, तो पीछे से तेज गति से आ रहे डंपर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर गिर गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। डंपर चालक वहां से फरार हो गया। राहगिरों ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को शहर के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया और अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी
बॉक्स
हर रोज कुचले जा रहे लोग, महीने में 15 से अधिक मौत :
शहर के बीचों बीच हादसे रोकने के लिए प्रशासन की ओर से सुबह आठ से रात्रि नौ बजे तक जगाधरी के बीआर अंबेडकर चौक (बस स्टैंड) से लेकर यमुनानगर के विश्वकर्मा चौक तक भारी वाहनों की एंट्री पर पाबंदी लगाई हुई है। ऐसे में अधिकतर वाहन पांसरा शहजादपुर रोड से होते हुए खनन जोन में जाते है। जिससे इस मार्ग पर हादसों का ग्राफ बढ़ा है। वहीं नो एंट्री के चक्कर में ट्रक तेज रफ्तार सड़कों पर दौड़ रहे है। ऐसे में हादसे और बढ़ रहे है। रोजाना कहीं न कहीं ट्रकों के नीचे लोग कुचले जा रहे है। बात यदि एक माह की हो तो माहभर के 15 से अधिक लोगों की जान सड़क हादसे में जा चुकी है।
वर्जन
छछरौली थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। ट्रक चालक मौके से फरार है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। खनन सामग्री से भरे वाहनों की ओवरलोड की जांच कर भेजा जा रहा है।
फोटो : 10