दंपति के हाथ-मुंह बांधकर घर से नगदी और जेवर ले गए डकैत
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। कालिंदी कॉलोनी स्थित एक कोठी में घने कोहरे के बीच शनिवार तड़के चार बजे घर में घुसे पांच युवकों ने दंपति को बंधक बनाकर गनप्वाइंट पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। डकैतों ने आते ही दंपति पर पिस्टल तानकर उनकी आवाज बंद करने को हाथ-मुंह बांध दिए। फिर अलमारी से 40 हजार नकदी, सोने की चार चूड़ियां, कड़े-बालियां और दो मोबाइल लेकर फरार हो गए। पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थाना शहर प्रभारी ने फोरेंसिक टीम की मदद से मौके पर फिंगर प्रिंट व अन्य साक्ष्य जुटाए। करीब 11 बजे डीएसपी (हेडक्वार्टर) अनिल गुर्जर ने भी मौके का मुआयना किया।
कालिंदी कॉलोनी के फेज-3बी निवासी कृष्णा गुप्ता ने बताया कि वह कन्या गुरुकुल खानपुरकलां से बतौर वाइस प्रिंसिपल और उनके पति मुरारी लाल गुप्ता एसडी कॉलेज पानीपत से प्रिंसिपल रिटायर्ड हैं। कृष्णा गुप्ता ने बताया कि शनिवार तड़के करीब चार बजे कमरे में चार युवक आ घुसे। उनका एक साथी कमरे के बाहर खड़ा था। शोर सुन मुरारीलाल गुप्ता भी जग गए और वह पहले से ही जगी थी। इससे पहले वह कुछ करते कि एक युवक ने कमरे में आते ही उन पर पिस्टल तानकर शोर मचाने पर गोली मार देने की धमकी दी। वे दोनों मदद के लिए शोर न मचा सकें, इसके लिए आरोपियों ने उनके मुंह और हाथ कपड़े से बांध दिए। युवकों के मांगने पर उन्होंने अलमारी की चाबियां दे दीं। डकैतों ने अलमारी से 40 हजार नकदी, सोने के कड़े, चार चूड़ियां निकाल लीं। कृष्णा ने बताया कि आरोपियों ने उनकी सोने की बालियां भी उतरवा ली और जाते वक्त दोनों के मोबाइल भी ले गए। आरोपियों के जाने के बाद एमएल गुप्ता ने लैंडलाइन फोन से लालद्वारा के समीप रह रही अपनी बेटी वीनू गोयल को घटना की सूचना दी। वीनू पति और ससुर दयालचंद शर्मा के साथ पहुंची। इसके बाद पुलिस को सूचित किया। इसके कुछ देर बाद थाना शहर यमुनानगर प्रभारी ओमप्रकाश टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने फोरेंसिक टीम की मदद से मौके पर फिंगर प्रिंट व अन्य साक्ष्य जुटाए। करीब 11 बजे डीएसपी हेडक्वार्टर अनिल गुर्जर ने भी मौके का मुआयना कर टीमें गठित कर मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए।
करीब 15 लाख डकैती की साजिश बनाकर आए थे बदमाश
दंपति के मुताबिक, पांचों बदमाशों की उम्र 25 वर्ष के आसपास ही थी। वारदात के दौरान वह आपस में काफी बात भी कर रहे थे। एक युवक ने दूसरे से कहा कि बग्गा ने तो कहा था कि घर पर 15 लाख हैं, यहां तो 40 हजार ही हैं। इसी बात से संदेह जताया जा रहा है कि आरोपी किसी के कहने पर यहां करीब 15 लाख की डकैती की साजिश रचकर आए थे। जाते हुए आरोपियों ने 20 मिनट तक कमरे से बाहर न आने की धमकी देते हुए कहा कि उनका एक आदमी पिस्टल लेकर बाहर खड़ा है, अगर ऐसा किया तो देखते ही गोली मार देंगे।
वारदात के वक्त घना कोहरा बना बदमाशों का मददगार
दंपति के मुताबिक वारदात करीब तीन से चार बजे के बीच हुई। इस दौरान बाहर घना कोहरा था। इससे बदमाश आसानी से कोठी की सामने वाली दीवार को फांदने के बाद रसोई की खिड़की की ग्रिल तोड़ रसोई के रास्ते अंदर दाखिल हुए। दीवार पर जूतों के निशान हैं। दंपति ने अपने कमरे का दरवाजे का कुंडा नहीं लगा रखा था, सिर्फ ढका हुआ था। इसलिए वह सीधे कमरे तक पहुंचे और वारदात को आसानी से अंजाम देकर फरार हो गए।
मौके का मुआयना कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बना दी हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उम्मीद है आरोपी जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।
- अनिल गुर्जर, डीएसपी हेडक्वार्टर, यमुनानगर।