जमीन बेचने के नाम पर हड़पे 2.30 लाख रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। छछरौली क्षेत्र के गांव मानकपुर निवासी रतन सिंह ने एक व्यक्ति पर जमीन बेचने के नाम पर दो लाख 30 हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी गुरनाम सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव मानकपुर निवासी रतन सिंह ने छछरौली पुलिस को बताया कि उसको 2016 में खेती के लिए जमीन खरीदनी थी। इस दौरान उसकी मुलाकात गांव हैदरपुर निवासी गुरनाम सिंह के साथ हुई। गुरनाम सिंह ने उससे कहा कि उसे अपनी खेती की जमीन बेचनी है। वह अपनी जमीन उसे बेच देगा। आरोपी ने उसे अपनी जमीन दिखाई। जमीन उसे पसंद आ गई तो नौ सितंबर 2016 को उसने बयाना के रूप में दो लाख 30 हजार रुपये दे दिए और जल्द ही जमीन की रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया। आरोप है कि, इस बीच उसने जमीन किसी और व्यक्ति को बेच दी। उसने अपने रुपये मांगे तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।