विदेश भेजने के नाम पर युवक से हड़पे दो लाख
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। जगाधरी की दुर्गा गार्डन कॉलोनी निवासी एक युवक को विदेश भेजने के नाम पर दंपति ने दो लाख 20 हजार रुपये हड़प लिए। जब आरोपियों ने युवक को विदेश नहीं भेजा तो पीड़ित ने रुपये मांगे तो जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़ित युवक ने इसकी शिकायत पुलिस से की तो दंपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
दुर्गा गार्डन कॉलोनी निवासी दिवांश ने बताया कि वह पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार के लिए विदेश जाना चाहता था। इस दौरान उसकी मुलाकात रामगढ़िया रोड (बरवाला, पंजाब) निवासी अमरजीत सिंह और उसकी पत्नी मनप्रीत कौर के साथ हुई। उसका आरोप है कि, दंपति ने उसे बताया कि वह युवकों को विदेश भेजने का काम करते हैं। वह उसे भी रोजगार के लिए विदेश भेज देंगे, मगर इसके बदले में दो लाख 20 हजार रुपये खर्च होंगे। पीड़ित का कहना है कि, वह आरोपियों की बातों में आ गया। उसने 20 जून 2016 को आरोपियों को दो लाख 20 हजार रुपये दे दिए। आरोपियों ने उसे जल्द ही विदेश भेजने का आश्वासन दिया। काफी दिन गुजरने के बाद भी जब आरोपियों ने उसे विदेश नहीं भेजा तो उसने इस बारे में दंपति से बात की तो टालमटोल करने लगे। परेशान होकर जब उसने रुपये वापस मांगे तो जान से मारने की धमकी दी। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दंपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।