नकाबपोश बदमाशों ने महिला को पीटा, बेटी संग कमरे में बंद कर नगदी-गहने ले गए
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। फर्कपुर थाना क्षेत्र की ईश्वर कॉलोनी में तीन अज्ञात नकाबपोश युवकों ने एक महिला से चेन छीन ली। विरोध करने पर डंडे से उस पर वार कर दिया। बाद में मां-बेटी को कमरे में बंद कर पूरा घर खंगाल डाला। इस दौरान बदमाशों ने घर से आठ हजार रुपये और सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। फर्कपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर ली है।
ईश्वर कॉलोनी निवासी भावना ने फर्कपुर पुलिस को बताया कि शनिवार देर शाम उसके पति सामान की खरीदारी करने के लिए बाजार गए थे। इस दौरान घर पर वह और उसकी बेटी पूजा मौजूद थी। रात करीब आठ बजे उनके घर में एक युवक घुस आया। आरोपी ने अपना मुंह कपड़े से ढंका हुआ था, जब तक वह कुछ समझ पाती आरोपी ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली। जब उसने और उसकी बेटी ने विरोध किया तो दो अन्य नकाबपोश युवक और उनके घर में घुस आए। इस दौरान आरोपी युवकों ने उसकी बाजू पर डंडे से वार कर दिया। इसके बाद उसे और उसकी बेटी पूजा को घर के कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। बदमाशों ने इस दौरान उनके घर से अलमारी में रखे आठ हजार रुपये, सोने का एक सेट, दो सोने की अंगूठियां, सोने की बालियां, सोने का कड़ा और चांदी के गहने चोरी करके ले गए। इसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। उसने फोन करके घटना की सूचना अपने पति को दी। उसके पति ने आकर कमरे का दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच की। मामले में पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ स्नेचिंग, चोरी, मारपीट सहित विभिन्न धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एएसआई सुमेश पाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। नकाबपोश युवकों की तलाश की जा रही है। जल्द ही मामला सुलझा लिया जाएगा।