महिला गई दवा लेने, चोरों ने चटका डाले ताले
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। बैंक कॉलोनी के राजीव गार्डन स्थित सूने घर के ताले तोड़ चोर नगदी और सोने-चांदी के गहने चुरा ले गए। वारदात के समय घर की मालकिन दवा लेने के लिए दिल्ली गई हुई थी। घर लौटीं तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस और सीन आफ क्राइम की टीम ने घटना स्थल का मुआयना किया। देर शाम पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्जकर लिया है।
राजीव गार्डन निवासी राजरानी ने बताया कि बुधवार को वह दवा लेने के लिए दिल्ली स्थित अस्पताल गई थी। शनिवार सुबह वह वहां से घर पहुंची, घर का गेट खोलकर देखा तो उसकी रसोई और दो कमरों के ताले टूटे हुए थे। उसने रसोई के अंदर जाकर देखा तो वहां से घरेलू गैस सिलेंडर और अन्य सामान गायब था। इसके बाद वह अपने पुत्रवधू के कमरे में गई तो वहां अलमारी का लॉकर टूटा पड़ा हुआ था। उसके अंदर रखे चार हजार रुपये और सोने-चांदी के गहने गायब थे। इसके अलावा एक अन्य कमरे के भी ताला टूटा था। सामान बिखरा था। महिला ने बताया कि चोर दीवार फांद कर घर के अंदर घुसे होंगे। चोर बच्चों के गुल्लक से भी नगदी चोरी कर ले गए। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।