बुकिंग पर कुरुक्षेत्र कार ले जाकर तीन महिलाओं ने कार चालक के साथ फोटो व वीडियो बना लिया। महिलाओं ने इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर कार चालक को ब्लैकमेल किया। महिलाओं ने कार चालक से 30 हजार रुपये ले लिए और 20 हजार की और मांग की। मामले में पुलिस ने कार चालक की पत्नी की शिकायत पर तीन महिलाओं के खिलाफ मामला दर्जकर उन्हें काबू कर लिया है।
हिसार के हांसी क्षेत्र के गांव दानी पुरिया निवासी नरेंद्र पाल व उनकी पत्नी बिंदु चोपड़ा गार्डन में किराए पर रहते हैं। बिंदु ने फर्कपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति नरेंद्र कुमार किराए पर कार चलाता है। पांच माह पहले नरेंद्र कुमार की कार को शहजाद नाम के लड़के ने कुरुक्षेत्र जाने के लिए बुक कराया और नरेंद्र कुमार कार बुकिंग के तहत अमरपुरी कॉलोनी से तीन महिलाओं को अपनी कार में बिठाकर कुरुक्षेत्र ब्रह्मसरोवर पर लेकर गया। ब्रह्मसरोवर जाने पर इन तीनों महिलाओं ने नरेंद्र कुमार के साथ अपनी फोटो भी खिंचवाई।
आरोप है कि वहां महिलाओं ने उसके पति के साथ गलत तरीके से फोटो खींची है और इन फोटो का हवाला देते हुए उसके पति को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बदनामी के डर से उसके पति नरेंद्र कुमार ने आरोपी महिलाओं को 30 हजार रुपये दे दिए लेकिन उसके बाद भी महिलाओं ने उसके पति को ब्लैकमेल करना जारी रखा।
बिंदु ने पुलिस को बताया कि उक्त महिलाएं उसके पति की कार को बार-बार मांगकर उसे परेशान कर रही हैं और अब फिर 20 हजार रुपये की मांग कर रही हैं और धमकी दे रही हैं कि यदि 20 हजार रुपये नहीं दिए तो वीडियो को नेट व व्हाट्स ऐप पर वायरल कर सार्वजनिक कर देंगी।
आरोप है कि ये तीनों महिलाएं वेश्यावृति का धंधा करती हैं। फर्कपुर पुलिस ने मामले में तीनों आरोपी महिलाओं के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। थाना फर्कपुर एसएचओ दयाल चंद ने बताया कि आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ जारी है।