न्यू मार्किट स्थित हीरा ज्वैलर्स के कारीगर ने दो अज्ञात युवकों द्वारा उसे डरा धमकाकर लाखों रुपये की ज्वैलरी लूटने की बात कही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने गली में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली, लेकिन कारीगर द्वारा बताए गए टाइम के दौरान किसी भी युवक की फुटेज सीसीटीवी में नहीं आई। पुलिस की प्राथमिक जांच में मामले में कोई सच्चाई सामने नहीं आई। फिल्हाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जगाधरी के हुडा सेक्टर 17 निवासी राम स्वरूप ने बताया कि वह न्यू मार्किट स्थित हीरा एंड चेन ज्वैलर्स में कारीगर है। रोजाना की तरह वह शनिवार सुबह करीब सात बजे दुकान की ऊपरी मंजिल पर गया, जहां वह गहने बनाते हैं। पूजा पाठ कर वह दुकान में बैठ गया। तभी दुकान में मुंह पर कपड़ा बांधे दो युवक आए। एक युवक ने हाथ पर रूमाल बांध कर उसमें कोई हथियार छुपाया हुआ था।
अंजान युवकों को देख वह घबरा गया। इससे पहले वह कुछ समझ पाता आरोपियों ने उसे अपने पास बुलाया। जैसे ही उनके पास गया तो आरोपियों ने रूमाल से ढके हथियार को दिखाकर ज्वैलरी के बारे में पूछा। एक आरोपी ने उसकी पीठ पर हथियार रखा और दूसरे आरोपी ने ठीक करने के लिए रखी गई सोने केे दो कड़े व 7-8 तोले सोने का लूज सामान उठा लिया। बदमाशों नेतिजोरी के बारे में भी पूछा, लेकिन उसने तिजोरी के बारे में अनभिज्ञता जताई। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
घटना की सूचना दुकान संचालक मॉडल कॉलोनी निवासी हीरा लाल को दी। सूचना मिलने पर दुकान स्वामी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने संदिग्ध स्थानों की जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने दुकान पर लगे सीसी कैमरे खंगाले, जिनमें कोई भी व्यक्ति दुकान में जाने वाली सीढ़ियों में आता-जाता दिखाई नहीं दिया। पुलिस ने कारीगर से फिर पूछताछ की, लेकिन कारीगर रामस्वरूप दो लुटेरों के आने की बात कह रहा था। पुलिस ने कारीगर से लिखित में शिकायत मांगी, लेकिन देर शाम तक कारीगर ने ऐसा नहीं किया।
सीसी फुटेज में नहीं आए बदमाश
कारीगर से लूट की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और आते ही मौके का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। जिन सीढ़ियों से लुटेरे ऊपर आये, वह सीसी फुटेज में दिखाई नहीं दे रहे हैं। सीसी फुटेज में दुकान खोलते व ऊपर जाते हुए मात्र कारीगर ही दिखाई दे रहा है, अन्य कोई व्यक्ति दिखाई नहीं दे रहा। इससे कारीगर पुलिस के शक के घेरे में आ रहा है।
न्यू मार्किट में हीरा ज्वैलर्स के कारीगर से लूट की सूचना पर मौके का मुआयना किया गया। सीसीटीवी फुटेज में सीढ़ियों से कारीगर के अलावा कोई युवक या अन्य व्यक्ति आता दिखाई नहीं दिया। प्राथमिक जांच में मामले में कोई सच्चाई नहीं मिली है। आसपास के दुकानदार भी दुकान में किसी युवक के जाने की बात को सही नहीं बता रहे। कारीगर से लिखित में शिकायत मांगी गई है। लेकिन शिकायत देने नहीं आए। यदि शिकायत आती है तो जांच के बाद आगामी कार्रवाई होगी।
-विरेंद्र राणा, एसएचओ, थाना शहर यमुनानगर।