गांव बापा में शराब ठेके के पास कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर दो कार सवार युवकों पर लाठियों, डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। हमलावरों ने बियर की बोतलों से घायल युवकों की कार के शीशे तोड़ डालें और उन पर देसी कट्टा तान लिया। आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर हमलावरों से युवकों को बचाया। इस दौरान कार में रखी एक लाख 21 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
पुलिस ने घायलों की शिकायत पर दो युवकों को नामजद करते हुए 10-12 अन्य के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़, चोरी व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव ताजकपुर निवासी सुरेंद्र कुमार ने रादौर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने दोस्त बापा निवासी संदीप कुमार व संजय कुमार के साथ अपनी कार से जा रहा था। गांव बापा में शराब ठेके के पास पहुंचे तो गांव खरकाली निवासी लेखराज व अशोक ने अपने 10-12 अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे रोक लिया और मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उन पर देसी कट्टा तान दिया और बियर की बोतलों से कार के शीशे तोड़ दिए। वह जान बचाकर कार से उतरे।
आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने कार में रखी लगभग एक लाख 21 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। उसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। उन्होंने इसकी शिकायत रादौर पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी लेखराज व अशोक को नामजद करते हुए 10-12 अन्य युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एसआई ब्रह्मपाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।