चार माह पहले अंबाला व्यवसायी की हत्या कर शव को कार समेत जलाने का राज जानने के लिए पुलिस ने तीन संदिग्ध लोगों का मधुबन में लाई डिटेक्टर टेस्ट लिया। एक व्यक्ति की रिपोर्ट सील बंद लिफाफे में मधुबन से छप्पर थाना में पहुंच गई। पुलिस के अनुसार रिपोर्ट नो डाउटफुल है। मामले में अभी दो लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है।
मामले में पिछले दिनों छप्पर थाना पुलिस ने शक के आधार पर अंबाला के तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। 23 जून को पुलिस तीनों को मधुबन स्थित प्रयोग शाला में लाई डिटेक्टर टेस्ट के लिए लेकर गई थी। उस दिन केवल एक ही व्यक्ति का टेस्ट हो पाया था।
जबकि दो लोगों के टेस्ट 29 जून को करवाए गए। 23 जून को लिए टेस्ट की रिपोर्ट छप्पर थाना में पहुंच गई। थाना प्रभारी दलीप के अनुसार रिपोर्ट नो डाउटफुल है अर्थात टेस्ट के दौरान संदिग्ध व्यक्ति से जो सवाल पूछे गए, उनका सही जवाब मिला। अंबाला व्यापारी हत्याकांड में उसका संलिप्त होना नहीं पाया गया। जबकि 29 जून को लिए गए दो अन्य की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई थी। जल्द ही रिपोर्ट आने की संभावना है।
क्या था मामला : अंबाला के मोतीनगर निवासी पेंट व्यवसायी अंकुर अग्रवाल की कार 15 फरवरी की सुबह मुस्तफाबाद के गांव दौलतपुर के नजदीक दादुपुर नलवी नहर की पटरी पर जली हुई हालत में मिली थी। पिछली सीट पर एक शव जलकर कंकाल के रूप में मिला था। अंकुर 14 फरवरी को मुस्तफाबाद क्षेत्र में पेंट की पेमेंट लेने के लिए आया था। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या कर शव को खुर्दबुर्द करने का मामला दर्ज किया है।