थापर कॉलोनी निवासी राजिंद्र कुमार से एक व्यक्ति खुद को बैंक का कर्मचारी बताकर एटीएम ले गया। बाद में आरोपी युवक ने फोन पर एटीएम पिन पूछकर उसके खाते से 48 हजार रुपये की शॉपिंग कर ली। मामले का पता बैंक में जाकर अकाउंट की जांच करने पर चला। पुलिस ने मामले में विवेक नाम के एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शहर पुलिस को दी शिकायत में थापर कॉलोनी निवासी राजिंद्र कुमार ने बताया कि 29 अक्तूबर, 2014 को विवेक नाम का व्यक्ति उसके घर पर आया। आरोपी ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया। इस दौरान उसने बैंक के काम के लिए उससे उसका एटीएम मांगा। वह आरोपी की बातों में आ गया और उसे अपना एटीएम दे दिया। अगले दिन आरोपी ने उसके पास फोन कर उसके अकाउंट की जांच करने की बात कहकर एटीएम कार्ड का कोड पूछा।
उसने आरोपी को कोड बता दिया। अगले दिन आरोपी के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए वह संबंधित बैंक की शाखा में गया। यहां बैंक प्रबंधक से विवेक के बारे में पूछा लेकिन बैंक प्रबंधक ने इस नाम का कोई व्यक्ति बैंक कार्यरत नहीं होने की बात कही। अकाउंट की जांच करवाई तो खाते से 48 हजार 12 रुपये की शॉपिंग हुई दिखाई गई। पुलिस ने मंगलवार देर शाम विवेक नाम के युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया। जांच अधिकारी एएसआई अमर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।