छछरौली के गांव उर्जनी में आठ माह पहले मृत मिली गांव तिहमो निवासी मनदीप कौर की हत्या उसके फौजी पति ने की थी। यह खुलासा डिटेक्टिव स्टाफ ने किया है। पुलिस ने हत्यारोपी पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है।
एसपी ने इस मर्डर की जांच का जिम्मा डिटेक्टिव स्टाफ के इंचार्ज निरीक्षक सोनू मलिक को सौंपा था। छानबीन के दौरान शक की सूई मृतका के पति अंबाला के गांव औजला निवासी गुरजीत सिंह पर गई, जो फौजी है। डिटेक्टिव स्टाफ के निरीक्षक सोनू मलिक ने सहायक उपनिरीक्षक यशपाल के नेतृत्व में टीम गठित की।
गुरजीत सिंह से पूछताछ के लिए उसके विभाग में पत्र व्यवहार व परिवार वालों के माध्यम से बुलाने की कोशिश की गई, लेकिन गुरजीत सिंह नहीं आया। 15 जून को पुलिस को सूचना मिली कि गुरजीत सिंह फौज से छुट्टी पर आया हुआ है। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गुरजीत सिंह ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
हत्या के लिए बनाया मास्टर प्लान
आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चाल-चलन पर शक था। इस कारण वह अपनी पत्नी को मारने के लिए कई महीनों से योजना बना रहा था। इसके लिए उसने एक मास्टर प्लान तैयार किया। प्लान के तहत बीते वर्ष वह छुट्टी पर आया हुआ था। छुट्टियां खत्म करने के बाद वह 13 नवंबर, 2014 को ड्यूटी पर जाने के लिए रेल में बैठकर गुवाहाटी जा रहा था लेकिन मुरादाबाद में वह ट्रेन से उतर गया और यमुनानगर आ गया। यहां आकर उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और दिल्ली रवाना हो गया। दिल्ली पहुंचकर उसने दिल्ली एयरपोर्ट से गुवाहाटी की फ्लाइट पकड़ी और ट्रेन के गुवाहाटी पहुंचने से पहले वहां पहुंच गया।
क्या है मामला
14 नवंबर, 2014 को खंड छछरौली के गांव उर्जनी के पास खेत में एक विवाहिता का शव पड़ा मिला था जिसकी शिनाख्त खिजराबाद क्षेत्र के गांव तिहमो निवासी मनदीप कौर के रूप में हुई थी। मनदीप की शादी अंबाला के गांव औजलां निवासी गुरजीत सिंह के साथ हुई थी। उस समय पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था।