हुडा सेक्टर 15 स्थित पावर हाउस में बुधवार शाम कुछ लोगों ने घुसकर तोड़फोड़ कर दी। विरोध करने पर लोगों ने एएलएम जितेंद्र से मारपीट की और अन्य कर्मचारियों से गाली गलौच। भड़के बिजली कर्मचारियों ने वीरवार को सब अर्बन कार्यालय सब डिविजन जगाधरी पर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन एचएसईबी वर्कर्स यूनियन के प्रधान सुरेश कुमार की नेतृत्व में किया गया।
हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन के प्रधान सुरेश कुमार ने बताया कि बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे जगाधरी के हुडा सेक्टर 15 स्थित पावर हाउस में में तेजली गांव के लगभग एक दर्जन के करीब लोग घुस आए। लोग एक कटड़े को साथ लेकर पावर हाउस में आए। आरोप है कि उक्त लोगों ने आते ही पावर हाउस का सामान उठाकर फेंकना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद एएलएम ने जब लोगों का विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी।
शोर सुनकर जब अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने उनके साथ भी गाली गलौच व धक्का मुक्की करनी शुरू कर दी और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। उसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। इस घटना से सभी बिजली कर्मचारियों में रोष है।
कर्मचारियों ने एकजुट होकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने इसकी शिकायत संबंधित पुलिस व हरियाणा विद्युत निगम के उपमंडल अधिकारी को दे दी है।
प्रधान सुरेश कुमार ने बताया कि प्रदर्शन में विद्युत निगम की दोनों यूनियनों ने जमकर प्रदर्शन किया और सभी कर्मचारियों ने दफ्तर में दो दो घंटे काम बंद रखा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द कोई कार्रवाई नहीं की गई तो कार्यालय का कार्य पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा।
प्रदर्शन में राजीव मेहता, दविंद्र कुमार, चंद्रमोहन, सुखविंद्र सिंह, ओप्रकाश, सुनील कुमर, गुरचरण सिंह, रणधीर सिंह, सुरेंद्र भोला, कुलदीप आदि शामिल हुए।