गांव खजूरी स्थित सरकारी डिस्पेंसरी के ताले तोड़कर अज्ञात लोग हजारों रुपये का सामान चुरा ले गए। पुलिस ने डिस्पेंसरी के डॉक्टर की शिकायत पर अज्ञात के विरूद्ध चोरी का मामला दर्ज किया है। सरकारी डिस्पेंसरी खजूरी के डॉक्टर ललित सैनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार की रात को अज्ञात लोगों ने डिस्पेंसरी के ताले तोड़कर नाडी स्वेदन यंत्र चुरा लिया। सुबह जब वह ड्यूटी पर आए तो उन्होंने देखा कि डिस्पेंसरी के ताले टूटे हुए थे और सामान गायब था। उन्होंने बताया कि इससे पहले चोरों ने लगभग 3 वर्ष पहले भी डिस्पेंसरी के ताले तोड़कर इन्वर्टर व बैटरा चुरा लिया था।