यमुनानगर (प्रताप नगर)। कलेसर नेशनल पार्क से सटे हथिनी कुंड बैराज कॉलोनी के खंडहरों से मिले शव की दूसरे दिन भी पहचान नहीं हो सकी। हालांकि पुलिस टीमें बनाकर गांव व आसपास क्षेत्र में शव की पहचान व अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। लेकिन, दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली रहे।
बता दें कि शनिवार शाम को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति जिसका शव हथिनी कुंड बैराज स्थिति बनी कॉलोनी के खंडहर में पड़ा है। जिसको गलाने के लिए बाकायदा नमक तक डाल रखा है। ऐसे में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। वहीं पुलिस आसपास क्षेत्र में उक्त शव की पहचान व अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। अभी यह कहना गलत होगा कि उक्त व्यक्ति की किसी ने हत्या कर यहां फेंका है या अन्य कोई मामला है।
इस संबंध में थाना प्रभारी प्रताप नगर सुभाष चंद्र का कहना है कि हथिनी कुंड बैराज कॉलोनी से मिले शव को कल ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शव की पहचान के लिए टीमें बना रखी है, जो अपना काम कर रही है। जैसे ही शव की पहचान होती है, उसके बाद ही अन्य कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जब तक शव की पहचान नहीं हो जाती तब तक इस मामले में कुछ भी कहना ठीक नहीं है।