बिलासपुर के गांव मंगलौर में रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक परिवार के पांच लोगों को पीट कर घायल कर दिया। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच के बाद 10 आरोपियों को नामजद कर चार-पांच अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गांव मंगलोर निवासी प्रेमचंद ने बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उसकी गांव के ही संजीव कुमार के साथ कहासुनी हो गई थी। उस समय अन्य लोगों ने समझाकर मामला शांत करवा दिया मगर उसके बाद से आरोपी उससे तथा उसके परिवार से रंजिश रखने लगा। प्रेमचंद ने बताया कि वह देर शाम अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर पर मौजूद था। इस दौरान संजीव कुमार ने अपने साथियों विपिन, सिमरन, साहिल, सोमनाथ, अर्चना, सतपाल, नवीन कुमार, निर्मल व 4-5 अन्य के साथ मिलकर हमला कर दिया। हमले में वह उसकी पत्नी सावित्री, भाई अमरनाथ, भतीजा प्रवेश व भतीजी अर्चना घायल हो गई। मारपीट की आवाज सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो सभी आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गये। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।