सीआईए टू की टीम ने शहर में डॉग फूड की दो दुकानों में चोरी करने के चार आरोपियों को काबू कर लिया। इसमें एक आरोपी नाबालिग है। तीन आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया। जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों को डॉग फूड की दुकान करनी थी। इसी के लिए उन्होंने डॉग फूड की दुकानों में चोरी करने की पहले प्लानिंग बनाई। फिर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए दो आरोपी वेटलिफ्टर है। जो नेशनल तक खेल चुके है।
सीआईए टू इंचार्ज महरूफ ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि आईटीआई के पास तीन युवक चोरी की फिराक में हैं। सूचना मिलने पर सब इंस्पेक्टर मोहनलाल की टीम ने वहां पर दबिश देकर संदिग्ध हालत में घूम रहे युवकों को काबू किया। पकड़े गए आरोपी युवकों की पहचान कालका कॉलोनी निवासी हिमांशु गुप्ता, विष्णु नगर निवासी निक्का वर्मा, विष्णु नगर निवासी सागर के रूप में हुई । वहीं एक17 साल का लड़का भी काबू किया गया। पुलिस के अनुसार हिमांशु और सागर वेटलिफ्टर हैं। नेशनल तक खेल चुके हैं। रोजगार न मिलने पर स्वयं का व्यवसाय करने के लिए चोरी की राह अपनाई थी और अब पकड़े गए।
बॉक्स
यह था मामला:
10 अगस्त की रात को आरोपियों ने गोबिंदपुरी स्थित डॉग फूड की दुकान में चोरी की थी। यहां पर से आरोपी डेढ़ लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे। इस दौरान आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी चोरी कर ले गए। इसके बाद 12 अगस्त को कन्हैया साहिब चौक के पास ताऊ देवीलाल कॉप्लेक्स में स्थित डॉग फूड की दुकान में चोरी की थी। वहां से आरोपियों से डीवीआर न मिलने पर सबसे पहले सीसीटीवी तोड़े थे। इसके बाद यहां से ढाई लाख रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए थे। दोनों मामले शहर थाना में दर्ज है।