त्यौहारी सीजन में मिठाइयों में मिलावट की आशंका के चलते ग्राहकों का रूझान ड्राई फ्रूट्स की ओर बढ़ा है। मिठाई से महंगे होने के बावजूद ड्राई फ्रूट्स आकर्षक पैकिंग के कारण ग्राहकों का ध्यान खींचने में कामयाब हो रहे हैं। भले ही बीते वर्ष से बदाम-काजू व पिस्ता समेत अन्य ड्राई फ्रूट के दामों में करीब 20 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, फिर भी बाजार में इनकी डिमांड कम नहीं है। जानकारों का मानना है कि त्योहारी व शादी सीजन के चलते आगे भी इनकी अच्छी मांग रहेगी और कीमतों में गिरावट की संभावना कम है।
बता दें कि लंबे अर्से से त्योहारी सीजन पर एक-दूसरे को बधाई के साथ उपहार में ड्राई फ्रूट्स देने का क्रेज रहा है। इस बार भी त्योहारों से पूर्व बाजार में प्रकार की पैकेजिंग में बदाम-काजू, पिस्ता, किशमिश, अखरोट, खुमानी, गुरबंदी गिरी, चिल्गोजा नेजे, अंजीर, छुआरा विभिन्न आइट्म्स उपलब्ध हैं। यह सभी अलग-अलग और मिक्स प्लेट, टोकरी व अन्य पैकेजिंग में मुहैया हो रहे हैं। बीते वर्ष की तुलना में लगभग सभी ड्राई फ्रूट्स के दामों में 15-20 फीसदी बढ़ोतरी हुई है। व्यापारी रामकुमार, अजेंद्र, गुरजंत ने बताया कि त्योहार पर मिठाई के बाद खाद्य पदार्थों में ड्राई फ्रूट ग्राहकों की पहली पसंद हैं। जैसे-जैसे त्यौहार करीब हैं, इनकी मांग भी तेज होने लगी है, किंतु बढ़े दाम लोगों को अखर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्लेट व टोकरी में रंग-बिरंगी पन्नी व गोटे की आकर्षक पैकिंग से ग्राहकों का ध्यान ड्राई फ्रूट की ओर करने का प्रयास किया जा रहा है। त्योहारों के साथ शादी सीजन के चलते मांग बढ़ने के साथ कीमतों में गिरावट की उम्मीद कम है।
आधे से तीन किलो की पैकिंग:
राजिंद्रा ड्राई फ्रूूट के संचालक धर्मपाल ने कहा कि बढ़े दामों के मद्देनजर इस बार बाजार में आकर्षक पैकिंग में ड्राई फ्रूूट मुहैया कराए गए हैं। अलग-अलग व आधे से तीन किलो की पैकिंग में मिक्स ड्राई फ्रूट्स 450 से करीब तीन हजार रुपये तक उपलब्ध हैं।
दाम बढ़ने से खरीदारी को लेकर चहल-पहल कम:
छाबड़ा किरयाना स्टोर के गगन कुमार ने कहा कि बीते वर्ष से ड्राई फ्रुट्स के दाम बढ़े हैं। इसका बिक्री पर असर पड़ सकता है। त्योहार में केवल सप्ताहभर का समय शेष है, बावजूद इसके बीते वर्ष से बहुत कम संख्या में ग्राहक ड्राई फ्रूट खरीदने पहुंचे हैं।
मिलावट की आशंका नहीं, सेहत के लिए फायदेमंद:
बाजार में ड्राई फू्रट्स खरीदने पहुंचे ग्राहक सतीश, राजेश, बलवंत, अश्वनी ने कहा कि मिठाईयों में मिलावट की आशंका से इन्हें खरीदते व सेवन करते हुए सेहत बिगडने का भय रहता है। इस कारण वह ड्राई फू्रट्स को खरीदना पसंद कर रहे हैं, जिसमें मिलावट की गुंजाइश नहीं है और यह सेहत के लिए भी फायदेमंद है। ऐसे में दाम बढने के बावजूद ड्राई फ्रूट्स मिठाई से बेहतर विकल्प है।
ड्राई फ्रूट्स के पहले और अब के दामों पर एक नजर:-
आइटम्स 2014 अब
बादाम गिरी 750 880
काजू 700 800
फ्राइड काजू 750 800
अखरोट गिरी 900 950
अखरोट साबुत 400 500
पिस्ता 850 950
किशमिश 200 300
खुरमानी 350 450
गुरबंदी गिरी 740 800
चिल्गोजा नेजे 1600 1800
अंजीर 400 450
छुआरा 70 90