फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: कोर्ट के लिपिक ने पत्नी को वीडियो कॉल कर नहर में लगाई छलांग

Sun, 22 Feb 2026 12:53 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
प​श्चिमी यमुना नहर के किनारे जांच करती पुलिस टीम। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

यमुनानगर। जिला न्यायालय जगाधरी की अकाउंट ब्रांच में कार्यरत गांधी धाम कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय क्लर्क सुरेश कुमार ने शनिवार सुबह पश्चिमी यमुना नहर पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। सुरेश कुमार कोर्ट में अपने कार्य के दौरान किसी ट्रांजेक्शन में हुई गलती को लेकर मानसिक रूप से परेशान थे। कोर्ट की तरफ से उन्हें नोटिस जारी किया गया था, जिससे वह और अधिक तनाव में आ गए।
फतेहपुर में पश्चिमी यमुना नहर के पुल पर खड़े होकर सुरेश कुमार ने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल कर नोटिस मिलने की जानकारी दी। वीडियो में उन्होंने नहर भी दिखाई और इसके कुछ ही देर बाद नहर में छलांग लगा दी। थाना बूड़िया पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ व गोताखोर अमर सिंह ने करीब एक घंटे के बाद शव को नहर से बाहर निकाला।
विज्ञापन

घटनास्थल पर पहुंचे लोग और परिजन मृतक की पत्नी को संभालने में जुट गए क्योंकि शव को देखते ही पत्नी बेसुध हो गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया है। मृतक के दोनों बेटे विदेश में रहते हैं। उनके विदेश से आने के बाद ही पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी। मौके पर पहुंचे गांधी धाम कॉलोनी निवासी पड़ोसी राजेश भारद्वाज ने बताया कि उसका घर सुरेश कुमार के साथ ही लगता है। उनके सुरेश के साथ पारिवारिक संबंध हैं।
शनिवार दोपहर में सुरेश की पत्नी ने उसको फोन करके कहा कि आपके भाई साहब ने उन्हें वीडियो कॉल की है। वह फतेहपुर में नहर के पुल पर खड़े हैं और मरने की बातें कर रहे हैं। उस समय वह कहीं गए थे। इस पर बाइक पर तुरंत नहर की तरफ चल दिए। उनके पहुंचने से पहले ही सुरेश की पत्नी किसी जानकार के साथ वहां पर पहुंच चुकी थी। मौके पर ही सुरेश की बाइक भी खड़ी थी। इसकी सूचना डायल 112 को दी गई। कुछ ही देर में डायल 112 पुलिस व थाना बूड़िया पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों की तरफ से इसकी सूचना बूड़िया में नहर में डूबे दोनों भाइयों की तलाश कर रहे गोताखोर अमर को दी गई।
अमर सिंह व एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। नहर का पानी साफ होने की वजह से करीब एक घंटे के बाद शव को बाहर निकाल लिया गया। शव को देखते ही उनकी पत्नी बेसुध हो गई। पड़ोसियों ने उन्हें बड़ी मुश्किल से संभाला। पड़ोसियों के अनुसार सुरेश कुमार मिलनसार और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। हालांकि कोर्ट के नोटिस और कार्य के दबाव के कारण वह परेशान थे।
विज्ञापन

सुरेश कुमार जिला कोर्ट की अकाउंट ब्रांच में कार्यरत थे। उन्हें नोटिस जारी क्यों किया गया था, इसका पता लगाया जाएगा। उनके दोनों बच्चे विदेश में हैं। उनके लौटने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। -सतीश कुमार, थाना प्रभारी, बूड़िया

पश्चिमी यमुना नहर के किनारे जांच करती पुलिस टीम। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें