भाकियू की बैठक को लेकर जानकारी देते प्रधान संजू व अन्य नेता।
- फोटो : Yamuna Nagar
रादौर। भारतीय किसान यूनियन चढूनी गुट शामलात भूमि बचाने के लिए संघर्ष शुरू करने का एलान किया है। इसके तहत भाकियू सोमवार को सुबह 10 बजे जगाधरी अनाजमंडी में बैठक कर रणनीति बनाएंगे।
जिला प्रधान संजू गुंदयाना ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार किसानों से शामलात जमीन छीनना चाहती है। आजादी के बाद से किसान इन जमीनों पर खेती करते आ रहे हैं। शामलात जमीनें किसानों की है। किसानों ने अपनी जमीन का कुछ हिस्सा पशुओं चराने के लिए छोड़ दिया था। कई गांव में यह जमीन किसानों ने बेच और खरीद रखी है। इस जमीन की रजिस्ट्री और इंतकाल किसानों के नाम पर दर्ज हैं। 50 साल से गिरदावरी किसानों के नाम है, लेकिन सरकार कोर्ट के जरिये किसानों से यह जमीन छीनना चाहती हैं।
कई गांव में कोर्ट के आदेश का बहाना लेकर जमीन का इंतकाल किसानों के नाम से रद्द कर पंचायत के नाम कर दिए हैं। किसानों को बेदखली के नोटिस भेज दिए गए हैं। संजू ने कहा कि किसान अपनी जमीन किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ेंगे। इन जमीनों का मालिकाना हक किसानों को दिलवाने के लिए भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी की जिलास्तर पर सोमवार सुबह 10 बजे जगाधरी अनाजमंडी में बैठक करेगी। बैठक की अध्यक्षता गुरनाम सिंह चढ़ूूनी करेंगे। बैठक में सरकार के विरुद्ध आंदोलन का बिगुल बजाया जाएगा। उन्होंने सभी किसानों से अपील की है कि वे अपनी जमीन बचाने के लिए अनाजमंडी की बैठक में पहुंचें।