संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम के कार्यालयों में व्यवस्था सुधारने की दिशा में मेयर सुमन बहमनी ने जगाधरी दफ्तर का निरीक्षण किया और पार्षदों के बैठने के लिए वार्डवार व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। इस नई व्यवस्था के तहत अब पार्षदों को अलग-अलग कार्यालयों में बैठाया जाएगा, जिससे कामकाज अधिक व्यवस्थित हो और जनता के लिए सुगम हो सके।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने स्पष्ट किया कि वार्ड 1 से 7 तक के पार्षद जगाधरी निगम कार्यालय में बैठेंगे, जबकि वार्ड 8 से 15 के पार्षद शहीद भगत सिंह चौक स्थित मुख्य निगम कार्यालय में बैठेंगे। वहीं वार्ड 16 से 22 के पार्षदों के लिए कन्हैया साहिब चौक स्थित कार्यालय में बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इस बदलाव का उद्देश्य पार्षदों और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान तेजी से हो सके।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने निगम कार्यालय की विभिन्न शाखाओं टैक्स ब्रांच, सफाई शाखा, नागरिक सुविधा केंद्र, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र शाखा और विवाह पंजीकरण शाखा का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। कई स्थानों पर कमियां मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए और कहा कि नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
मेयर ने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि निगम कार्यालय शहरवासियों की समस्याओं के समाधान का मुख्य केंद्र है, इसलिए यहां मूलभूत सुविधाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने पार्षदों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था को जरूरी बताते हुए कहा कि इससे जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं बेहतर तरीके से सुन सकेंगे और समाधान प्रक्रिया भी तेज होगी।
अधिकारियों ने मेयर को भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर पार्षदों के बैठने की व्यवस्था पूरी कर दी जाएगी। इसके साथ ही निगम कार्यालय भवन की मरम्मत के लिए एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है और जल्द ही इस पर काम शुरू होगा। मेयर ने कहा कि जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंचें और लोगों के काम तय समय से पहले निपटाएं।