संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। नगर पालिका के पार्षदों की विशेष बैठक शुक्रवार को कार्यालय परिसर में हुई। बैठक में पार्षदों ने शहर में तीन स्थानों पर कम्युनिटी हॉल बनाने का प्रस्ताव पास किया। इसके अलावा दो पार्कों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और महाराणा प्रताप पार्क में नए फव्वारे लगाने का निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष रजनीश मेहता ने की। बैठक में तय किया गया कि छोटाबांस में अनाजमंडी रोड पर क्रांति चौक के नजदीक जलापूर्ति विभाग की जमीन पर और वार्ड नंबर दो में कम्युनिटी हॉल बनाए जाएंगे।
महाराणा प्रताप पार्क के साथ लगती जलापूर्ति विभाग की जमीन पर ई-लाइब्रेरी और बैडमिंटन हॉल बनाने का भी प्रस्ताव पास किया गया।
शहर के छोटाबांस में बकाना रोड स्थित महेंद्र सिंह डेरा कॉलोनी के गंदे पानी की निकासी के लिए छोटाबांस तक सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। सीवरेज के पानी की निकासी के लिए नगरपालिका जलापूर्ति विभाग को 150 गज जमीन आईपीएस बनाने के लिए उपलब्ध करवाएगी। इसके अलावा रादौर और छोटाबांस में करीब 55 कच्चे गोहर पक्के किए जाएंगे। शहर में ट्रांसफार्मरों को लोहे की ग्रिल लगाकर सुरक्षित किया जाएगा। नगर पालिका की पुरानी टाइलों की नीलामी करने का भी निर्णय लिया गया।
श्मशान घाट के पास नया डंपिंग जोन बनाया जाएगा। इसके बाद कांबोज धर्मशाला के पास बने डंपिंग जोन को वहां शिफ्ट किया जाएगा। बैठक में नगरपालिका के मुकदमों की पैरवी के लिए एडवोकेट जसवंत सिंह, एडवोकेट श्रीकांत मोंटी, एडवोकेट रविंद्र सैनी, बबली सैनी और भगवतदयाल कटारिया की कमेटी का गठन किया गया।
वहीं फाइनेंस, पब्लिक वर्क्स और सेनिटेशन समितियों का भी गठन किया गया। इस मौके पर पार्षद भगवतदयाल कटारिया, जसवंत सिंह बंचल, रविंद्र सैनी, श्रीकांत मोंटी, विनिश राणा मौजूद रहे।