संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। जिला परिषद सदन की बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा की गई और चार करोड़ 85 लाख रुपये का बजट सर्वसम्मति से पास किया गया। बैठक में वार्ड नंबर चार की जिला पार्षद गुरजीत कौर ने अपने वार्ड से जुड़ी जनसमस्याओं को मजबूती से उठाया और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
गुरजीत कौर ने बताया कि गांव चंदाखेड़ी से व्यासपुर तक मार्केट बोर्ड की सड़क काफी समय से जर्जर हालत में है। सड़क की स्थिति बेहद खराब होने के बावजूद इस गंभीर समस्या पर चर्चा के लिए मार्केट बोर्ड की ओर से कोई अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचा। इसी तरह गांव पीरूवाला में पब्लिक हेल्थ का ट्यूबवेल करीब दो महीने से खराब पड़ा है।
इस मामले में भी विभाग का कोई अधिकारी बैठक में मौजूद नहीं था। उन्होंने कोटड़ा और संधाय गांव के बीच पीडब्ल्यूडी की ओर से लगाए जा रहे ब्लॉक टाइल के अधूरे कार्य का मुद्दा भी उठाया। सड़क के बीच टाइल और अन्य निर्माण सामग्री पड़ी होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस पर पीडब्ल्यूडी अधिकारी ने जांच कर जल्द कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में गांव भमनौली में 100-100 गज के प्लॉट आवंटन का मामला भी उठाया गया। गुरजीत कौर ने कहा कि चुनाव में अब करीब एक साल का समय बचा है। जब अधिकारी बैठकों को लेकर गंभीर नहीं होंगे और हाउस में उठाई गई समस्याओं का समाधान नहीं होगा तो जनता के बीच कैसे जाएंगे। उन्होंने प्रशासन से सभी विभागों के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और जनसमस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की।