यमुनानगर। नगर निगम की टीम ने बुधवार को वार्ड नंबर 14 के पुराना हमीदा की विभिन्न कॉलोनियों से लवारिस गोवंशों को पकड़कर गोशाला में पहुंचाया। सुबह निगम के एसआई सुशील की टीम बेसहारा गोवंशों को पकड़ने जोन दो के वार्ड नंबर 14 के पुराना हमीदा पहुंची।
टीम में एसआई सुशील, एसआई बिट्टू, एएसआई सुमित लाठर, सुपरवाइजर रणबीर, ईशांक व अन्य कर्मचारी शामिल थे। निगम कर्मियों ने रस्सियों के माध्यम घेरा डालकर गोवंशों को पकड़ा। इसके बाद उन्हें निगम के वाहन में चढ़ाया। गोवंशों को पकड़ने के बाद उन्हें गौशाला पहुंचाया गया।
एसआई सुशील ने बताया कि निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर लावारिस पशुओं को पकड़ने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर में घूमने वाले सभी बेसहारा पशुओं को पकड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी शहरवासी गोवंशों का इस्तेमाल करने के बाद उन्हें खुले में न छोड़े। यदि कोई गोवंश खुले में छोड़ता है तो उस पर 5100 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि उन्हें शहरी क्षेत्र में कहीं भी कोई लावारिस पशु दिखाई दे तो उसकी फोटो खींचकर पते या लोकेशन समेत निगम के व्हाट्सएप नंबर 7082410524 पर भेजें।