संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। लॉकडाउन खुलने के बाद से ही लोगों ने रेल सेवा बहाल करने की मांग शुरू कर दी थी। रेलवे ने धीरे-धीरे गाड़ियों को पटरियों पर उतारना शुरू कर दिया है। वहीं यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन पर बिल्कुल भी कोरोना नियमावली का पालन नहीं हो रहा है। न तो यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है और न ही आने जाने पर कोई पाबंदी है। रेलवे स्टेशन पर लोगों का बेरोकटोक आना जाना लगा हुआ है। ऐसे में
रेलवे की कोरोना नियमावली के अनुसार स्टेशन पर प्रवेश व निकास के द्वार अलग अलग बनाए गए हैं। वहीं दोनों ही द्वारों पर यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जांच किए जाने के आदेश हैं। यही नहीं यात्रियों को असुविधा न हो तो गाड़ी के आगमन से पूर्व टीटीई व ईआरसी की ड्यूटी रूम से बाहर लगाई गई है। ताकि पूछताछ केंद्र पर भीड़ न लगे। इनमें से एक भी नियम का स्टेशन पर पालन नहीं हो रहा है। न तो यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग हो रही है और न ही उन्हें कोरोना बचाव के शारीरिक दूरी के नियम के पालन का करवाया जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण यहां पर लोग मास्क लगाना भी जरूरी नहीं समझ रहे हैं।
यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली 85 प्रतिशत गाड़ियों का संचालन शुरू हो चुका है। कुछेक गाड़ियां संक्रमण के कारण भी स्थगित हैं। यहां से देश के विभिन्न भागों में जाने वाली करीब डेढ़ दर्जन गाड़ियों का संचालन शुरू हो गया है। गाड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ ही रेलवे स्टेशन पर लोगों की भीड़ भी बढ़ने लगी है। जिस कारण कोरोना नियमावली की धज्जियां उड़ रही है। यही हालात रहे तो यह घातक साबित हो सकता है।
हो सकता है डीआरएम का निरीक्षण
अंबाला मंडल के डीआरएम जेएम सिंह नौ जुलाई को मंडल के सहारनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन का दौरा करेंगे। यहां पर व्यवस्था व कोरोना संक्रमण को लेकर बरती जा रही सावधानियों का आंकलन करेंगे। डीआरएम अपनी वेगन से यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन से होकर गुजरेंगे। बताया जा रहा है कि आते और लौटते समय डीआरएम यहां भी निरीक्षण कर सकते हैं। स्टेशन के हालातों को देखते हुए अधिकारियों का निरीक्षण जरूरी भी हो जाता है।
संक्रमण को देखते हुए रेलवे ने विशेष पाबंदियों व नियमों के साथ गाड़ियों का संचालन शुरू किया है। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को कोरोना नियमावली का स्टेशन पर पालन करवाने के आदेश दिए हैं। गाड़ियों में भी इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। रेलवे स्टेशन पर जगह जगह पोस्टर, बैनर लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। प्रवेशद्वार पर ही जागरूक संबंधी बैनर लगाए गए हैं। बावजूद इसके यदि नियमों की अवमानना हो रही है, तो इसकी जांच करवाएंगे। - हरिमोहन सिंह, सीनियर, डीसीएम, अंबाला मंडल।