यमुनानगर। डीएवी मार्केट में दुकान के आगे सामान की ट्रॉली रखने पर दो दुकानदारों के बीच में बहस हो गई। बहस बढ़ने पर एक दुकानदार ने अपने पिता के साथ मिलकर पड़ोसी दुकानदार संदीप सोनी की बाजू पर नुकीली चीज से वार कर घायल कर दिया। मारपीट में उसके चचेरे भाई को भी हल्की चोटें आई। शहर पुलिस ने आरोपी दुकानदार अजय बजाज व उसके पिता के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
मॉडल टाउन निवासी अतुल नंदा ने बताया कि उसकी डीएवी मार्केट में मेडिकल की दुकान है। जिस पर वह और उसके मामा का लड़का शिवाजी पार्क निवासी संदीप सोनी बैठते हैं। उनके पड़ोस में ही माॅडल टाउन निवासी अजय बजाज की फोटो स्टेट की दुकान है। मंगलवार को आरोपी अजय बजाज ने उनकी दुकान के सामने सामान रखने की ट्रॉली रख दी। दुकान के आगे ट्राॅली रखने को लेकर अजय बजाज की उनके साथ बहस हो गई। इस दौरान आरोपी अजय ने नुकीली चीज से उसके मामा के लड़के संदीप पर हमला कर दिया। जिससे उसकी बाजू पर चोट लगी। मारपीट में अजय का पिता शशीकांत भी शामिल था। जब वह बीच बचाव में आया तो आरोपियों ने उससे भी मारपीट की। आसपास के लोगों को एकत्रित होता देख आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां संदीप का उपचार चल रहा है।