फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: लीकेज पाइपलाइन से घरों तक पहुंच रहा दूषित पानी, ग्रामीणों में रोष

Fri, 13 Mar 2026 02:54 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
छछरौली। क्षेत्र के गांव चुहड़पुर कलां में पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन जगह-जगह से लीकेज होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पाइपलाइन के टूटे होने से घरों तक दूषित पानी पहुंच रहा है, जिससे गांव में लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ने लगा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद पंचायत और संबंधित विभाग ने समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
विज्ञापन


ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बिछी पेयजलापूर्ति पाइपलाइन कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जगह-जगह से पानी रिसने के कारण पाइपलाइन में गंदगी और मिट्टी मिलकर घरों तक पहुंच रही है। ऐसे में मजबूरी में लोगों को यही दूषित पानी पीना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से बच्चों और बुजुर्गों में डायरिया, बुखार और टाइफाइड जैसे लक्षण सामने आने लगे हैं, जिससे गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीण शिव कुमार और इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पाइपलाइन लीकेज के कारण गांव की कई गलियों में पानी जमा होने से गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई जगहों पर गलियों की हालत इतनी खराब हो गई है कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। वहीं जनस्वास्थ्य विभाग के जेई भारत सिंह ने बताया कि चुहड़पुर कलां गांव में मौके का निरीक्षण किया गया है। एक स्थान पर पाइपलाइन लीकेज की समस्या सामने आई है, जिसे कर्मचारियों को लगाकर जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें