उत्तराखंड की बसों में प्रवासी मजदूरों को रवाना करते गढ़वाल सभा के सदस्य।
- फोटो : AMAR UJALA
यमुनानगर
वार्ड 13 की जम्मू कॉलोनी में स्थित गढ़वाल धर्मशाला में पिछले 37 दिनों से ठहरे प्रवासी मजदूरों को उत्तराखंड सरकार से संपर्क कर उन्हें उनके गंतव्य स्थानों के लिए रवाना किया गया। बसों में बिठाने से पहले बस को अच्छे से सैनिटाइज किया गया और धर्मशाला में ठहरे उत्तराखंड के लोगों की स्वास्थ्य जांच भी की गई। गढ़वाल सभा के प्रधान विनोद सिंह गुस्सैन ने बताया कि 30 मार्च से उनकी धर्मशाला में 15 उत्तराखंड के प्रवासी लोग ठहराए गए थे, तब से लेकर 6 मई तक यह लोग इसी धर्मशाला में एक परिवार की तरह रखे गए। यह लोग पंजाब बठिंडा से अपने घरों को जाने के लिए पास लेकर निजी टैक्सियों में वहां से निकल पड़े थे, लेकिन यमुनानगर पुलिस द्वारा कलानौर बार्डर पर इनको यमुनानगर में ही रोक लिया गया था। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार से संपर्क करके उन लोगों के क्षेत्र यमकेश्वर विधानसभा की विधायिका रितु खंडूडी से संपर्क किया गया और वहां से बस मंगवा कर, बस को अच्छे से सैनिटाइज करके इन लोगों को उनके गंतव्य स्थानों के लिए रवाना किया गया। भारत भूषण जुयाल ने बताया कि इस कार्य में उन्हें यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा और जिला उपायुक्त मुकुल कुमार का भी पूरा सहयोग मिला। उन्होंने बताया कि सभी लोगों को रवाना करने से पहले उनका मेडिकल करवाया गया, इसके बाद ही बस को देहरादून के लिए रवाना कर दिया गया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के लोगों ने इस मुश्किल घड़ी में उनका सहयोग देने के लिए यमुनानगर जिला प्रशासन का भी आभार जताया।