संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर (यमुनानगर)। दो दिन पहले सोम नदी में आए उफान की वजह से अलग-अलग जगह से क्षतिग्रस्त हुई सोम नदी की पटरी के निर्माण का कार्य सिंचाई विभाग ने शुरू कर दिया है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने सोम नदी के आसपास स्थित गांवों के नजदीक पोकलेन, जेसीबी व लेबर से कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है।
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सोम नदी में पिछले पांच दशक में सबसे अधिक 24000 क्यूसेक पानी का बहाव दो दिन पहले दर्ज किया गया था। पानी के इतने अधिक तेज दबाव के कारण ही सोम नदी के दोनों और बने तटबंधों को नुकसान पहुंचा है, जहां से भी विभाग के पास तटबंध के नुकसान को लेकर समस्या आई है। विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मशीनों वाले मजदूर के साथ मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। एक-दो दिन में सभी मरम्मत के पूरे कर लिए जाएंगे।