साढौरा। कांग्रेस पार्टी की ओर से लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा व वोट की ताकत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वोट बचाओ- देश बचाओ चौपाल अभियान के तहत शनिवार को शाम चार बजे फाजलपुर गांव में चौपाल का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष अख्तर अली ने बताया कि चौपाल को एआईसीसी प्रभारी रवि जोशी, पीसीसी प्रभारी व सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया और जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर संबोधित करेंगे। इस चौपाल कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस पार्टी के नेता व कार्यकर्ता लोगों के बीच पहुंच कर लोकतंत्र व संविधान की रक्षा और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। इस चौपाल कार्यक्रम की तैयारियों के लिए आयोजित बैठक में राजीव गांधी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अनिल संधू, सुधीर भल्ला व संदीप जैन ने भी भाग लिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।