संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर की जा रही तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पूर्व शहर को सुंदर रूप देकर सजाने व विशेष रूप से सुंदरीकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीनबंधु छोटूराम थर्मल पावर प्लांट की तीसरी यूनिट का शिलान्यास करने यमुनानगर आ रहे हैं। इसको लेकर शहर को साफ, सुंदर व स्वच्छ बनाने का कार्य किया जा रहा है। शहर के सभी मुख्य मार्गाें के साथ अन्य सड़कों को भी सुंदर रूप दें। सड़क किनारे जमा गंदगी, उगी झाड़ियां साफ हो। जो मार्ग क्षतिग्रस्त है, उन्हें तुरंत ठीक कराएं। डिवाइडर दुरुस्त कर उन्हें पेंट कर चमकाएं। सड़क किनारे समतल कर बरम ठीक कराएं। सभी मार्गाें पर सड़क सुरक्षा संबंधित अन्य मानक पूरे किए जाए। पेड़ों की ट्रिमिंग कर उन्हें सफेद पेंट कर सुंदर रूप दें। जो कार्य किए जा रहे हैं, उन्हें तेजी व गुणवत्ता लाए।