रादौर। गांव जयपुर में पंचायती भूमि पर अवैध कब्जे का मामला मुख्यमंत्री तक पहुंच गया है। गांव निवासी मनीष कुमार ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाने और कब्जामुक्त करवाने की मांग की है।
मुख्यमंत्री को दी शिकायत में मनीष कुमार ने आरोप लगाया कि गांव की बीसी चौपाल के पीछे सार्वजनिक उपयोग के लिए जगह छोड़ी गई थी। उक्त स्थान पर एक ग्रामीण की ओर से मकान का छज्जा निकाल दिया गया है, जिससे बीसी चौपाल के पुनर्निर्माण में बाधा आ रही है। मामले में कुछ वर्ष पहले पंचायत ने न्यायालय में केस दायर किया था।
विज्ञापन
न्यायालय ने पंचायत के पक्ष में फैसला सुनाया था और आदेश के तहत चार फीट जगह खाली करवाई गई थी। मामले को लेकर सरपंच और संबंधित अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायतें दी गईं। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि कब्जा हटवाने के मामले में उच्चाधिकारियों पर दबाव बनाया जा रहा है। सीएम विंडो पर शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर बीसी चौपाल और उसके पीछे की सार्वजनिक भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए, ताकि चौपाल का पुनर्निर्माण करवाया जा सके।